भोपाल। बेरोजगार चल रहे एक अकाउंटेंट ने दीपावली के दिन घर में फांसी लगाकर जान दे दी। अयोध्या नगर पुलिस को उनके पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। नोट में कर्ज बढ़ने का जिक्र करते हुए उन्होंने अपनी परवरिश को भी जिम्मेदार बताया है।
एमआईजी सी सेक्टर अयोध्या नगर निवासी 41 वर्षीय श्रीजीत नायर इन दिनों बेरोजगार थे। वे यहां बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते थे। टीआई महेंद्र कुल्हरा के मुताबिक एमबीए करने के बाद श्रीजीत मुंबई और पुणे में अकाउंटेंट की नौकरी कर चुके थे। उनकी पत्नी फिलहाल इटारसी स्थित अपने मायके में रह रही हैं। रविवार को दीपावली पर दोपहर करीब एक बजे तक श्रीजीत अयोध्या नगर चौराहे पर मौजूद रहे और दोस्तों को दीपावली की बधाई भी दी।
कुछ देर बाद घर लौटे और शाम करीब 5 बजे परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने खुदकुशी के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। इसमें खुद पर बढ़ते कर्ज का भी जिक्र है। इसको लेकर वह काफी तनाव में रहते थे।